कोलकाता, 01 अप्रैल।
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ममता बनर्जी 8 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं। जानकारी के अनुसार, वह कालीघाट स्थित अपने आवास से रैली निकालकर गोपालनगर सर्वे भवन तक जाएंगी और वहां अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
सूत्रों का कहना है कि इस अवसर पर तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी, कोलकाता के मेयर और नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम (बॉबी), दक्षिण कोलकाता तृणमूल अध्यक्ष देवाशीष कुमार और भवानीपुर क्षेत्र के सभी पार्षद मौजूद हो सकते हैं।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही भवानीपुर में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। ममता बनर्जी ने अभी तक अपने क्षेत्र में औपचारिक प्रचार आरंभ नहीं किया है, लेकिन उनके नामांकन के बाद तृणमूल कांग्रेस पूरे क्षेत्र में जोरदार प्रचार अभियान शुरू करेगी।
पार्टी की योजना के अनुसार विभिन्न वार्डों में रैलियां और बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता भी उनके समर्थन में प्रचार कर सकते हैं। खासतौर पर वार्ड संख्या 73 पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वार्ड संख्या 73 में भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को पहली चुनावी सभा हो सकती है। इसके बाद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक लगातार रैलियां और सभाएं आयोजित की जाएंगी।
भवानीपुर में फिलहाल संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है और स्थानीय तृणमूल नेतृत्व तैयारियों में व्यस्त है।
इस बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। भवानीपुर में दूसरे चरण में मतदान होना है। दूसरे चरण की अधिसूचना 02 अप्रैल को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है।












