आसनसोल, 30 मार्च।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार की रात पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पश्चिम बर्दवान जिले की नौ विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। इस सूची में दुर्गापुर पूर्व से देवेश चक्रवर्ती, दुर्गापुर पश्चिम से तरुण राय, रानीगंज से फैज अहमद, जामुडिया से तरुण कुमार गांगुली, आसनसोल दक्षिण से सौभिक मुखर्जी, आसनसोल उत्तर से प्रसनजीत पुइतुंडी, कुल्टी से रवि यादव और बाराबंकी से जयदेव राय को उम्मीदवार बनाया गया है।
रविवार शाम आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट के उम्मीदवार प्रसनजीत पुइतुंडी का स्वागत आसनसोल गिरजा मोड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता शाह आलम खान और एस एम मुस्तफा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। पुइतुंडी ने कहा कि उन्हें आसनसोल उत्तर से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है और वह क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए जनता के साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने बताया कि बीते 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस के विधायक और राज्य मंत्री होने के बावजूद उत्तर विधानसभा क्षेत्र में लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। शहर में जाम और सड़क की स्थिति बेहद खराब है। जीटी रोड, सेंनरेल रोड और एसबी गोरई रोड जैसी प्रमुख सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे मरीजों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
पुइतुंडी ने कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल में बिल्डिंग मौजूद होने के बावजूद स्वास्थ्य सुविधाएं अनुपलब्ध हैं। रेलपार क्षेत्र नशे की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 15 वर्षों में नगर निगम में तृणमूल का शासन होने के बावजूद शहर की हालत लगातार बिगड़ती रही है। अब वह इन मुद्दों को चुनाव का मुख्य विषय बनाकर जनता के बीच जाएंगे और लोगों से वोट अपील करेंगे।











