भागलपुर, 31 अक्टूबर।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को भागलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक अजीत शर्मा के निवास स्थित कांग्रेस कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत उनके तैलचित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई।
बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद ने दोनों नेताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश उनके ऐतिहासिक कार्यों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश को एकजुट किया। वहीं, इंदिरा गांधी ने जमींदारी प्रथा समाप्त कर समतामूलक समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
डॉ. आनंद ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों और खनिजों का राष्ट्रीयकरण कर उन्हें पूंजीपतियों के प्रभाव से मुक्त किया था। उन्होंने मौजूदा सरकार पर इन क्षेत्रों को फिर निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने पाकिस्तान के विभाजन और बांग्लादेश के निर्माण में इंदिरा गांधी के निर्णय को भी याद किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन नेताओं के विचारों से प्रेरणा लेकर सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सोइन अंसारी, ई रवि कुमार, अरविंद झा, जावेद सालेह अंसारी, आरती सिंह, ज्योति देवी, शिवशंकर सिन्हा, खुशबू देवी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















