लखनऊ, 31 अक्टूबर।
गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में शनिवार को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने युवाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण, प्रशासनिक व्यवहार और नेतृत्व क्षमता को लेकर विचार साझा किए।
लाल सिंह आर्य ने युवाओं से देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। परिवार और समाज के साथ देश के हितों को भी प्राथमिकता देनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ किसी भी गतिविधि या साजिश का युवाओं को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं को सफलता के लिए समय का सही उपयोग करने और लक्ष्य स्पष्ट रखने की सलाह दी। आर्य ने कहा कि लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने से सफलता की राह आसान होती है।
राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की नींव आज की युवा पीढ़ी है। कोविड काल में शुरू हुई ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था से बड़ी संख्या में युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के डेढ़ लाख युवाओं को राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जोड़ने का संकल्प लिया है, जिससे देश को पारदर्शी और ऊर्जावान नेतृत्व मिल सके।
असीम अरुण ने युवाओं से अपने कार्यों को गंभीरता और परिपक्वता के साथ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए और निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
















