हरिद्वार, 19 अप्रैल
जनपद में चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के एक मामले का मात्र छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया और दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब रानीपुर क्षेत्र की निवासी गीता ने ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि 17 अप्रैल को उनकी मोटरसाइकिल जमालपुर खुर्द स्थित औद्योगिक क्षेत्र से चोरी हो गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और संदिग्धों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी कार्रवाई के दौरान शिवालिक नगर स्थित एक अस्पताल के पास चेकिंग करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शेर अली उम्र बयालीस वर्ष, निवासी धमपुरा थाना पथरी तथा फरीद उम्र चौबीस वर्ष, निवासी सराय आशियाना होटल के पास थाना ज्वालापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की गई मोटरसाइकिल को औद्योगिक क्षेत्र में कबाड़ी को बेचने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










.jpg)