नई दिल्ली, 19 अप्रैल।
राजधानी में नकली उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गाजीपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली इंजन ऑयल बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में करीब 700 लीटर नकली इंजन ऑयल के साथ भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री और मशीनें जब्त की गई हैं, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 16 अप्रैल को गाजीपुर के गढ़ोली गांव में छापेमारी कर अंजाम दी गई। इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राकेश कुमार छाबड़ा और कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपित नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली इंजन ऑयल तैयार कर बाजार में बेच रहे थे। सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन कर इस यूनिट पर दबिश दी गई, जहां बड़ी मात्रा में तैयार माल और उपकरण बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20 लीटर के 28 कैन और 1 लीटर की 140 बोतलें जब्त कीं, जिनमें कुल लगभग 700 लीटर तेल था। इसके अलावा ड्रम, बाल्टियां, फनल, फिल्टर जाली, सैकड़ों खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, बारकोड कूपन और सीलिंग मशीन भी बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सस्ते तेल को एकत्र कर उसे नामी ब्रांड के डिब्बों में भरकर असली जैसी पैकिंग में बेचते थे। इससे ग्राहकों को नुकसान के साथ वाहनों के इंजन को भी खतरा होता था। पुलिस के अनुसार एक आरोपी पहले कपड़ों का व्यापार करता था, जबकि दूसरा ट्रक चालक रह चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।










