नई दिल्ली, 19 अप्रैल।
राजधानी में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहिणी क्षेत्र में छापेमारी की है। इस कार्रवाई में कुल 57 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो अधिकृत गैस एजेंसी से जुड़ा होने के बावजूद नियमों का उल्लंघन कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त था।
पुलिस के अनुसार रोहिणी के राम विहार इलाके में गैस सिलेंडरों की अवैध भंडारण और रिफिलिंग की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। तय योजना के तहत टीम ने सेक्टर-22 स्थित एक गैस एजेंसी के पास दबिश दी, जहां एक व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान लोकपाल के रूप में हुई, जो बेगमपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। मौके से पुलिस ने 57 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 50 भरे हुए, दो खाली और पांच आंशिक रूप से भरे हुए पाए गए। इसके अलावा एक पिकअप वाहन, गैस तौलने की मशीन और गैस ट्रांसफर करने के उपकरण भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने पास जमा कर लेता था। बाद में अवैध उपकरणों की सहायता से भरे सिलेंडरों से गैस निकालकर अन्य सिलेंडरों में भरता और उन्हें अधिक कीमत पर बेचता था। इस तरह वह लंबे समय से कालाबाजारी में लिप्त होकर लाभ कमा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










