नई दिल्ली, 25 मार्च 2026।
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी लगातार दूसरे दिन मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां उच्च स्तर की सतर्कता पर हैं और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को ई-मेल के माध्यम से मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर थीं, लेकिन बुधवार को दूसरी धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा और सख्त कर दी गई। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात की गई हैं। परिसर की गहन जांच जारी है और हर संदिग्ध वस्तु पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह एक ई-मेल में दावा किया गया कि दिल्ली विधानसभा परिसर में 16 आरडीएक्स लगाए गए हैं और दोपहर करीब 1:40 बजे विस्फोट करने की योजना है। ई-मेल में कुछ राजनीतिक नेताओं का भी उल्लेख किया गया, जिस पर जांच एजेंसियां ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल सक्रिय है। ई-मेल के स्रोत और तकनीकी विवरणों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी तक जल्दी पहुंचा जा सके। धमकी देने वाले ने खुद को एक समूह से संबंधित बताया और कहा कि सीमित संसाधन होने के बावजूद उन्होंने इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है और लोगों को वहां से हटाने के लिए चेतावनी दी गई।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।











