नई दिल्ली, 20 मार्च 2026।
1857 के स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रानी अवंतीबाई के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने आत्मसमर्पण के बजाय शहादत को चुना और उनका बलिदान सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
केंद्रीय सहकारिता और गृह मंत्री अमित शाह ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल है। 1857 के संग्राम में उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ डटकर संघर्ष किया और आत्मसमर्पण के बजाय वीरगति को अपनाया। उनका बलिदान राष्ट्र के प्रति समर्पण और स्वाभिमान का अमर संदेश है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेवांचल मुक्ति आंदोलन की सूत्रधार रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस माटी का कण-कण उनकी वीरता, साहस और शौर्य गाथा से धन्य है। उनका साहस राष्ट्र की सेवा और सम्मान के लिए प्रेरणादायक है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा हेतु उनका अद्वितीय साहस, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनका जीवन नारी शक्ति और राष्ट्रभक्ति का प्रेरक उदाहरण है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रानी अवंतीबाई की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के हृदय में राष्ट्रप्रेम की ज्योति सदैव प्रज्वलित रखेगा और उनके शौर्यपूर्ण इतिहास से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने महान वीरांगना के बलिदान दिवस पर नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग, वीरता और संघर्ष का इतिहास सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उनका त्याग और पराक्रम आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1857 की क्रांति की प्रणेता रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन किया।












