दिल्ली-एनसीआर
15 Apr, 2026

कनॉट प्लेस में महिला शक्ति का प्रदर्शन, नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में निकली बाइक रैली

कनॉट प्लेस में नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में महिला बाइक रैली आयोजित की गई, जिसके पश्चात मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। इस दौरान नेताओं ने महिला आरक्षण और राजनीतिक समर्थन पर विशेष बल दिया।

नई दिल्ली, 15 अप्रैल।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में तथा सांसद कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज की मौजूदगी में बुधवार को कनॉट प्लेस में नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में महिला बाइक रैली निकाली गई, जिसके बाद मानव श्रृंखला भी बनाई गई।

इस महिला बाइक रैली के दौरान हजारों की संख्या में शामिल लड़कियों और महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर महिला आरक्षण के समर्थन में नारे लगाए। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों ने बाइक से कनॉट प्लेस इनर सर्कल का एक चक्कर लगाया और हस्ताक्षर कर इस बिल को पास कराने के लिए अपना समर्थन दर्ज कराया।

इस अवसर पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश की महिलाओं को बधाई दी जानी चाहिए, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बिल के माध्यम से एक नई शक्ति प्रदान की है, ताकि वे देश की नीतियों में भागीदारी निभा सकें। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को नेतृत्व देने का संकल्प प्रधानमंत्री ने लिया है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों को इसका समर्थन करना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने परिसीमन से ध्यान भटकाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष को यह सोचना चाहिए कि उन्होंने पहले ऐसा कदम क्यों नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अब जब देश में सकारात्मक बदलाव हो रहा है तो विपक्ष बाधा डालने का प्रयास कर रहा है।

सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को सभी दलों ने समय-समय पर आवश्यक माना है और इसे 2023 में सर्वसम्मति से पारित किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर इस बिल का समर्थन करना चाहिए। परिसीमन को लेकर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस सरकार के समय तय किया गया था, जिसे अब मोदी सरकार लागू कर रही है, जबकि विपक्ष के पास इस समय कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

वहीं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह रैली एक प्रकार से अंतिम तैयारी है और 2023 में किए गए वादे को पूरा करने का समय आ गया है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर बहन-बेटियों से किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता इस बिल को उत्तर बनाम दक्षिण के रूप में देखने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि 27 वर्षों से इस बिल की प्रतीक्षा हो रही है, इसलिए इसकी टाइमिंग पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष योगिता सिंह, एनडीएमसी सदस्य सरिता तोमर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री अरुण दराल, युवा मोर्चा प्रभारी अभिषेक टंडन, सह-प्रभारी सुमित सेठ सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और लड़कियां उपस्थित रहीं। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़