मध्य प्रदेश
23 Apr, 2026

नरयावली में 63.41 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, शिक्षा और किसान हित पर जोर

नरयावली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 63.41 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए शिक्षा, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया।

सागर, 23 अप्रैल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नरयावली आगमन पर बुंदेलखंड की पारंपरिक संस्कृति का जीवंत दृश्य देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज, रमतूला और दुलदुल घोड़ी नृत्य के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

गुरुवार को मुख्यमंत्री ने नरयावली में 27.41 करोड़ रुपये लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल भवन नहीं, बल्कि संस्कारों के केंद्र हैं और अब शासकीय विद्यालय निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

विद्यार्थियों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने अनुशासन और समय के सदुपयोग पर जोर दिया तथा प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विद्यालय में शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रबंधन की सराहना भी की गई।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही लंबे समय से लंबित एक परियोजना के लिए 240 करोड़ रुपये की संशोधित राशि स्वीकृत करने की बात कही, जिससे 30 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस योजना से बुंदेलखंड में खेतों की प्यास खत्म होगी।

उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद किसानों की उपज का पूरा खरीदी किया जाएगा और समर्थन मूल्य बेहतर दिलाने के लिए प्रयास जारी हैं। भूमि अधिग्रहण की स्थिति में किसानों को बाजार दर से चार गुना मुआवजा देने की बात भी दोहराई।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले में कई जिम्मेदारियां महिलाओं के हाथों में हैं और प्रदेश में 17 महिला कलेक्टर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास से ही समाज का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम में कुल 63.41 करोड़ रुपये के 75 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इसमें 41.20 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण और 22.21 करोड़ रुपये के 53 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि यंत्रों और स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। हरे चने की नई किस्म और नैनो यूरिया जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए उन्होंने किसानों से पराली प्रबंधन के लिए आधुनिक उपकरणों के उपयोग की अपील की।

कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़