राजगढ़, 23 अप्रैल
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने लोडिंग ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। यह हादसा गुरुवार सुबह सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महू जोड़ के पास हुआ, जिसमें 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के समय लोडिंग ऑटो में लहसुन भरकर पचोर से शाजापुर मंडी ले जाया जा रहा था। अचानक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार देवराज (13) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, ऑटो चालक जितेंद्र (25) और कार में सवार सुषीलाबाई (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एंबुलेंस से सारंगपुर अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद सड़क पर बिखरी लहसुन की वजह से कुछ देर तक यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।









.jpg)
