राजगढ़, 23 अप्रैल
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत जीरापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने मुख्य सप्लायर शकील मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है, जो मादक पदार्थों का प्रमुख आपूर्तिकर्ता था।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के मार्गदर्शन में और वरिष्ठ अधिकारियों की दिशा-निर्देश में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। थानाप्रभारी हुकुमसिंह मीणा ने बताया कि 8 अप्रैल को पुलिस ने घनश्याम बैरागी और उसकी पत्नी संगीता बैरागी को गिरफ्तार कर उनके पास से 8.77 ग्राम स्मैक बरामद की थी। मामले की गहन जांच में पुलिस ने आरोपी जगदीश तंवर को गिरफ्तार किया, जिसने यह खुलासा किया कि वह स्मैक शकील मंसूरी से लाता था, जो ग्राम पिपल्याकुल्मी, थाना माचलपुर का निवासी था।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने 22-23 अप्रैल की दरमियानी रात को ग्राम पिपल्याकुल्मी में शकील मंसूरी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 298 ग्राम स्मैक, 4.486 किलोग्राम कैमिकल पाउडर (टांका प्रकार-1) और 1.010 किलोग्राम कैमिकल पाउडर (टांका प्रकार-2) बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार यह कैमिकल स्मैक की मात्रा बढ़ाने के लिए उपयोग किया जाता है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी शकील मंसूरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 29 और 30 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त की गई सामग्री को विधिवत सील कर मालखाने में सुरक्षित रखा गया है, और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस ऑपरेशन में जीरापुर थाना प्रभारी हुकुमसिंह मीणा सहित माचलपुर और भोजपुर पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






.jpg)

.jpg)

.jpg)
