लखनऊ, 23 अप्रैल।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 32वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को 40 रनों से हराया। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 159 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की टीम 119 रन पर सिमट गई।
लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही और 11 रन तक पहुंचते-पहुंचते तीन अहम विकेट गिर गए। कप्तान ऋषभ पंत, एडन मार्करम और आयुष बडोनी बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि, मिचेल मार्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 41 गेंदों पर 55 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। निकोलस पूरन ने 22 रन बनाए, लेकिन वे भी टीम को जीत की दिशा में नहीं ले जा सके।
इससे पहले, राजस्थान की पारी में रवींद्र जडेजा ने 43 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी बदौलत टीम ने सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफलता पाई। इकाना की धीमी पिच पर यह स्कोर चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।
गेंदबाजी में राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने बेहतरीन रणनीति बनाई और पांच गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिनमें सभी ने कम से कम एक विकेट लिया। जोफ्रा आर्चर ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके। वहीं, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जडेजा और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।
राजस्थान रॉयल्स की इस जीत के साथ सीजन की पांचवीं जीत दर्ज की और लगातार दो मैचों से चल रहे हार के सिलसिले को समाप्त किया। वहीं, लखनऊ सुपरजायंट्स को सात मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।



.jpg)


.jpg)

.jpg)

