लुबुंबाशी (कांगो), 23 अप्रैल।
भारत के युवा गोल्फर आर्यन रूपा आनंद ने कांगो में एएम ग्रीन इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) इनविटेशनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला खिताब जीत लिया। इस टूर्नामेंट का आयोजन लुबुंबाशी के पार-73 गोल्फ कोर्स पर हुआ, जहां उन्होंने प्ले-ऑफ में उदयन माने को हराया।
आर्यन ने अंतिम दिन 8-अंडर 65 का बेहतरीन कार्ड खेलते हुए कुल 16-अंडर स्कोर बनाया। वहीं उदयन माने ने जोरदार वापसी की और 17वें होल पर ईगल तथा 18वें होल पर बर्डी लगाकर स्कोर बराबर किया, जिससे मुकाबला प्ले-ऑफ तक पहुंचा। पहले दो प्ले-ऑफ होल में दोनों खिलाड़ी बराबरी पर रहे, लेकिन तीसरे होल में आर्यन ने बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली।
यह जीत आर्यन के गोल्फ करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जिसके लिए उन्हें 22.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई। शौर्य बीनू 15-अंडर स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि मन्नत बरार ने 13-अंडर स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया।
टीम स्पर्धा में एट्री मुंबई ने 32-अंडर स्कोर के साथ खिताब जीता और ओवरऑल स्टैंडिंग में बढ़त हासिल की। टीम की इस जीत में उदयन माने, तुषार पन्नू और अमन राज का अहम योगदान रहा। ओवरऑल अंक तालिका में एट्री मुंबई 270 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि ग्रीन फ्यूल्स विजाग 220 अंकों के साथ दूसरे और आरवीआर दिल्ली 210 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
मैसूर में जन्मे आर्यन रूपा आनंद ने गोल्फ की शुरुआत कम उम्र में की थी और 2023 में प्रोफेशनल बनने के बाद लगातार अच्छे प्रदर्शन कर रहे थे। कई बार खिताब के करीब पहुंचने के बाद उन्होंने कांगो में अपनी पहली बड़ी जीत दर्ज की।
एएम ग्रीन आईजीपीएल, भारत में गोल्फ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई एक पेशेवर लीग है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं।



.jpg)


.jpg)

.jpg)

