ट्रैफिक व परिवहन
14 May, 2026

अडाणी-आईएचजी के बीच बड़ा समझौता, भारत में 1500 कमरों के साथ आएगा किम्पटन ब्रांड

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और आईएचजी होटल्स के बीच हुए समझौते से भारत के प्रमुख शहरों और एयरपोर्ट क्षेत्रों में 1500 कमरों वाले पांच होटल विकसित किए जाएंगे।

नई दिल्ली, 14 मई।
अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने गुरुवार को पांच होटलों के विकास के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत आईएचजी का लक्जरी लाइफस्टाइल ब्रांड ‘किम्पटन होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स’ भारतीय बाजार में प्रवेश करेगा।

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने बयान में बताया कि दोनों कंपनियों के बीच पांच होटलों के पोर्टफोलियो को लेकर यह समझौता हुआ है। इसके तहत देश के प्रमुख हवाई अड्डों और वाणिज्यिक क्षेत्रों में करीब 1,500 कमरों की अतिरिक्त क्षमता विकसित की जाएगी। इसी पहल के जरिए आईएचजी का प्रीमियम बुटीक ब्रांड ‘किम्पटन होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स’ भारत में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।

कंपनी के अनुसार एयरपोर्ट आधारित हॉस्पिटैलिटी और मिश्रित उपयोग विकास परियोजनाओं के अंतर्गत जयपुर, मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और मुंबई महानगरीय क्षेत्र में इन होटलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें जयपुर का किम्पटन होटल शामिल रहेगा, जबकि अडाणी संचालित एयरपोर्ट सिटी परियोजनाओं में हॉलिडे इन और हॉलिडे इन एक्सप्रेस ब्रांड की संपत्तियां भी विकसित होंगी।

एएएचएल ने कहा कि यह समझौता भारत के विमानन और पर्यटन क्षेत्र में तेजी से हो रही वृद्धि के बीच हुआ है, जहां एयरपोर्ट परिसरों के आसपास विकसित होने वाले क्षेत्र बड़े हॉस्पिटैलिटी और वाणिज्यिक केंद्रों के रूप में उभर रहे हैं। इसका कारण यात्रियों की बढ़ती संख्या, घरेलू पर्यटन में विस्तार और कारोबारी यात्रा की मजबूत मांग है।

कंपनी ने बताया कि वह अपनी रणनीति के तहत देश के प्रमुख शहरों में करीब 663 एकड़ क्षेत्र में एयरपोर्ट सिटी परियोजनाओं का विकास कर रही है, जिसका उद्देश्य विमानन, आतिथ्य, खुदरा और वाणिज्यिक ढांचे को एकीकृत शहरी व्यवस्था के रूप में विकसित करना है।

अडाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अडाणी ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य देश के बढ़ते विमानन नेटवर्क के आसपास एकीकृत यात्रा और हॉस्पिटैलिटी केंद्र विकसित करना है। उन्होंने कहा कि समूह का लक्ष्य ऐसे विश्वस्तरीय गंतव्य तैयार करना है, जो भारत के तेजी से विस्तार करते विमानन पारिस्थितिकी तंत्र के साथ यात्रा, ठहराव और शहरी अनुभवों को सहजता से जोड़ सकें।

आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के दक्षिण-पश्चिम एशिया प्रबंध निदेशक सुदीप जैन ने कहा कि यह साझेदारी भारत के हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उभरते अवसरों को दर्शाती है, विशेषकर एयरपोर्ट आधारित विकास के क्षेत्र में, जहां व्यवसायिक, पर्यटन और ट्रांजिट यात्रियों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़