31 मार्च 2026, दतियादतिया में मंगलवार सुबह एक भाजपा पार्षद की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा पर अज्ञात हमलावरों ने उस समय फायरिंग की, जब वे मंदिर से लौटकर चौराहे पर टहल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्षद के साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान तीन हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपियों ने दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक सिर और दूसरी पीठ में लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद पार्षद जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना को आपसी वर्चस्व के विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। वर्ष 2022 में वे पार्षद निर्वाचित हुए थे। एक पुराने हत्या प्रकरण में उन्हें सजा भी सुनाई गई थी, जिसके बाद उच्च न्यायालय से उन्हें जमानत मिली थी और कुछ माह पूर्व ही वे जेल से बाहर आए थे।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



