भोपाल, 06 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के युवाओं ने इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल के मार्गदर्शन में प्रदेश के आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण संस्थानों से तैयार हो रहे प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 104 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 44 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के आधार पर 26 प्रतिभागियों ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी मध्य प्रदेश के प्रतिभागियों ने कुल 8 पदक हासिल किए। ब्रिकलेइंग में अजय अहिरवार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कैबिनेट मेकिंग में विनीत शर्मा और विजुअल मर्चेंडाइजिंग में रानू पाटीदार ने कांस्य पदक प्राप्त किए। इसके अलावा सीएनसी टर्निंग में अंकित प्रजापति, फ्लोरिस्ट्री में पूर्वी चौहान और आयुष इवाने, पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग में लक्ष्मी कुशवाह तथा वेल्डिंग में कुलदीप को ‘मेडलियन फॉर एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया।
इन सफलताओं में आईटीआई संस्थानों के साथ-साथ ग्लोबल स्किल पार्क के प्रतिभागियों की अहम भूमिका रही, जो प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक कौशल प्रशिक्षण तंत्र की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
खास बात यह है कि ब्रिकलेइंग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले प्रतिभागी सहित अन्य श्रेणियों के विजेताओं ने शंघाई (चीन) में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालिफाई किया है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री टेटवाल ने कहा कि राज्य में कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आईटीआई के छात्र राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए सक्षम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता इस बात का संकेत है कि प्रदेश के युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं और भविष्य में कौशल के क्षेत्र में राज्य को अग्रणी बनाएंगे।
प्रतियोगिता के लिए प्रदेश में कुल 13 हजार 844 पंजीयन हुए। जिला स्तर पर 5 हजार 337 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 3,415 चयनित हुए और 1,866 प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह आंकड़े प्रदेश में कौशल विकास के प्रति बढ़ती जागरूकता और भागीदारी को दर्शाते हैं।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



