अनूपपुर, 21 मार्च।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को ईद का पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। रमजान के पवित्र महीने के समापन पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जिले के विभिन्न ईदगाहों में नमाज अदा की और विश्व कल्याण के लिए दुआ मांगी। कोतमा, जैतहरी, राजेन्द्रग्राम, बिजुरी, राजनगर, चचाई, रामनगर और भालूमाड़ा सहित जिले के अन्य ईदगाहों में भी लोग एक साथ अल्लाह के सामने सिर झुकाकर सजदा किया।

प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने इस अवसर पर जिले और प्रदेशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद केवल धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है, जो समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
जिला मुख्यालय अनूपपुर में प्रातः 9 बजे मदीना जमा मस्जिद के हाफिज मो. सलमान द्वारा ईद की नमाज अदा कराई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम ने बताया कि जिले भर में 27 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। 300 सुरक्षा बल और 13 मोबाइल पेट्रोलिंग तैनात कर कानून व्यवस्था बनाए रखी गई। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।

कोतमा ईदगाह में जुहिला नदी के किनारे स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने अमन-चैन की दुआ की। राजेन्द्रग्राम और भालूमाड़ा में भी नमाज सद्भाव और सौहार्द के साथ संपन्न हुई। जैतहरी नगर में भी मुसलमानों ने ईद उल-फितर में मस्जिदों में नमाज अदा की।
ईद का त्योहार शव्वाल के चांद के दिखाई देने पर मनाया जाता है। इस दिन लोग सेवईं, खीर और अन्य पकवान बनाकर एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हैं। हिजरी कैलेंडर पर आधारित यह पर्व चंद्रमा की चाल के अनुसार हर साल बदलता रहता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम, एसडीएम कमलेश पुरी, तहसीलदार प्राशि अग्रवाल, पुलिस आरआई ज्योति दुबे, कोतवाली निरीक्षक अरविंद जैन समेत अन्य अधिकारी पूरे जिले में तैनात रहे। जिला प्रशासन ने कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्यपालक दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की भी निगरानी सुनिश्चित की।













