सागर, 11 सितंबर।
सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब कांड के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह बारायठा के जंगलों में छिपा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों ओर से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की एक गोली रवि लखेरा के दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी को बंडा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे सागर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
रवि लखेरा को अंतरराज्यीय शराब तस्कर बताया गया है। पुलिस के अनुसार जहरीली शराब बनाने का फार्मूला उसने ही मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को बताया था। आरोपी के खिलाफ पहले से 25 मामले दर्ज हैं। जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि लखेरा अपने दो अन्य साथियों के साथ हनुमान टोंग क्षेत्र में बारायठा के जंगलों में छिपा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी से मुठभेड़ हुई और उसके पैर में गोली लगी।
रवि लखेरा पर 25 आपराधिक मामले दर्ज होने के बावजूद उसे छतरपुर और निवाड़ी में आबकारी विभाग की ओर से सात लाइसेंसी शराब दुकानें मिली थीं। वैध शराब कारोबारी की आड़ में उसने मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में अवैध और नकली शराब की फैक्ट्री लगा रखी थी। यहां से सस्ती नकली शराब खपाई जा रही थी।
सागर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक आधिकारिक तौर पर 15 लोगों की मौत हो चुकी है। 11 लोग आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।















