भोपाल, 9 सितंबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदेश दौरे से लौटने के बाद सागर में अवैध शराब से हुई मौतों के मामले में सख्त कदम उठाते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. यादव ने कहा कि लापरवाही और अनियमितता को लेकर सरकार की नीति जीरो टालरेंस की है। मामले में किसी भी स्तर पर जिम्मेदारी सामने आने पर संबंधित लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध शराब से जुड़ी घटना को गंभीरता से लिया गया है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किया गया है। श्री दिलीप कुमार ने सागर संभाग के आयुक्त का पद संभाल लिया है। गंभीर मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सागर पुलिस रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक के रूप में श्री इरशाद वली की नियुक्ति की है।
सरकार की ओर से कहा गया है कि सागर के अवैध शराब मामले में न्यायिक जांच के माध्यम से घटना से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदारियों का पता लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।















