नई दिल्ली, 30 मार्च 2026।
देश के कई राज्यों में स्कूल, हाई कोर्ट और सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियां देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी श्रीनिवास लुईस को दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कर्नाटक पुलिस के सहयोग से मैसूर के वृंदावन लेआउट स्थित मकान से 47 वर्षीय आरोपी को पकड़ा। उसे स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उसकी गहन पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने अब तक लगभग 1100 धमकी भरे ई-मेल भेजे थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए विभिन्न स्थानों और माध्यमों का इस्तेमाल कर रहा था।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी बेंगलुरु का निवासी है, पोस्टग्रेजुएट है और फिलहाल बेरोजगार है। वह अपनी रिटायर्ड मां के साथ रहता है और घर का खर्च उनकी पेंशन से चलता है। पुलिस को आशंका है कि मानसिक तनाव के चलते उसने इस तरह की धमकियां दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने जानबूझकर स्कूल, कॉलेज और अदालतों को निशाना बनाया ताकि अधिकतम दहशत फैलाई जा सके। उसकी झूठी धमकियों के कारण कई स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करनी पड़ी और लोगों को एहतियातन बाहर निकाला गया, जिससे सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि फिलहाल जांच यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस साजिश में शामिल था। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर सभी प्रभावित स्थानों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।












