मुंबई 11 मई।
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपने नए रियलिटी शो ‘देसी ब्लिंग’ का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश प्रमुख आकर्षण के रूप में नजर आने वाले हैं। यह शो दुबई में बसे भारतीय अमीर वर्ग की भव्य और ग्लैमरस जीवनशैली को प्रदर्शित करता है, जिसमें प्राइवेट जेट, डिजाइनर परिधान, लग्जरी पार्टियों और उच्च स्तरीय सामाजिक दायरे की झलक देखने को मिलेगी।
शो को केवल चमक-दमक तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि ट्रेलर में दोस्ती के बदलते रिश्ते, आपसी तनाव और पर्दे के पीछे होने वाले ड्रामे की भी झलक दिखाई गई है। इसमें सतीश और तबिंदा संपाल, रिजवान और साना साजन, द्युति पर्रक और इरिना किनाख जैसे प्रतिभागी भी शामिल हैं, साथ ही टाइगर श्रॉफ, शिल्पा शेट्टी, सनी लियोन और विवेक ओबेरॉय की विशेष उपस्थिति भी नजर आएगी।
तेजस्वी प्रकाश ने इस शो को पूरी तरह ‘देसी मसाला’ से भरपूर बताया है, वहीं करण कुंद्रा का कहना है कि यह शो अपेक्षा से कहीं अधिक वास्तविक और रोचक अनुभव देने वाला है। दर्शकों को यदि ‘दुबई ब्लिंग’ पसंद आया था, तो यह नया शो मनोरंजन का स्तर और बढ़ाने वाला साबित हो सकता है। यह शो 20 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा।



.jpg)








