मुंबई, 21 मार्च 2026।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की जासूसी थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है और रिलीज के साथ ही बड़ी कमाई का नया रिकॉर्ड बना लिया है। पेड प्रिव्यू में शानदार शुरुआत करने के बाद फिल्म ने पहले और दूसरे दिन की कमाई से इंडस्ट्री में चर्चा बटोर ली है।
सूत्रों के अनुसार, 'धुरंधर 2' ने पेड प्रिव्यू में लगभग 43 करोड़ रुपये की कमाई की। पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग दर्ज की, जबकि दूसरे दिन 80.72 करोड़ रुपये का कारोबार कर कुल दो दिनों में कमाई 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई। यह सफलता रणवीर सिंह की पिछली हिट फिल्में पीछे छोड़ने का संकेत देती है।
रणवीर की पिछली हिट फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' का लाइफटाइम कलेक्शन 184 करोड़ रुपये था, जिसे 'धुरंधर 2' ने पार कर लिया है। अब इस फिल्म की नजर 'सिम्बा' के 240.22 करोड़ रुपये के आंकड़े को छूने पर है। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, और इसमें आर माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
वहीं, साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' को 'धुरंधर 2' से कड़ी टक्कर मिल रही है। पहले दिन 34.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग के बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई घटकर केवल 9.25 करोड़ रुपये रह गई। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल 'धुरंधर 2' का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है।












