रायपुर, 30 मार्च।
नवा रायपुर, अटल नगर, सेक्टर-24 परिसर में आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरटीआई) के अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय’’ और ‘‘जनजातीय संग्रहालय’’ की सुरक्षा एवं रख-रखाव के लिए आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान की संचालक हिना अमिनेष नेताम सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण होमगार्ड, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस एसडीआरएफ के सहयोग से आयोजित किया गया।
एसडीआरएफ की दक्ष टीम ने ‘‘आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया’’ विषय पर तकनीकी और अनुभविक जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण में पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में दीपक कौशिक और राकेश भोयर, सहायक उपनिरीक्षक ने महत्वपूर्ण सुझाव और व्यवहारिक उपाय साझा किए।
प्रशिक्षण के पश्चात् आपदा प्रबंधन के प्रायोगिक पक्ष का प्रदर्शन संस्थान के खुले परिसर में किया गया। इसमें आग जैसी आपदाओं से तत्काल बचाव प्रतिक्रिया का अभ्यास किया गया, और आगंतुको तथा विद्यार्थियों ने भी हेंड्स-ऑन प्रैक्टिस में भाग लिया।
संस्थान की संचालक हिना अमिनेष नेताम ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यस्थल और पारिवारिक सुरक्षा दोनों दृष्टिकोण से लाभदायक रहा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे और प्रशिक्षण विशेषकर आपातकालीन स्वास्थ्य विषयों पर आयोजित किए जाएंगे।












