अजमेर, 02 अप्रैल।
जिले के मांगलियावास क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ब्यावर से अजमेर की ओर आ रहा एक केमिकल से भरा टैंकर टायर फटने के बाद आग की चपेट में आ गया। टायर फटने के बाद जैसे ही आग ने टैंकर को घेर लिया, वह देखते ही देखते आग का गोला बन गया। इस दृश्य ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टायर फटने के बाद तुरंत ही टैंकर में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस में सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची मांगलियावास पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक लेन पर यातायात रोक दिया और रास्ते को डायवर्ट कर दिया। हालांकि, इस दौरान करीब डेढ़ से दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। इनमें से तीन दमकलों का पानी खत्म हो गया, जिन्हें फिर से पानी भरने के लिए भेजा गया। दो दमकलों ने अभी भी आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी है।
आग लगते ही टैंकर का ड्राइवर और खलासी खुद को सड़क किनारे सुरक्षित करने में सफल रहे, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। बताया जा रहा है कि टैंकर गुजरात से आ रहा था।
घटनास्थल पर पुलिस की समझाइश के बावजूद कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालते हुए जलते टैंकर के पास से दोपहिया वाहनों से गुजरते नजर आए, जिससे एक और बड़ा हादसा होने की संभावना बनी रही।
अजमेर ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।












