25 मार्च 2026, नई दिल्ली:
पश्चिम एशिया में शांति की आशा के बीच आज घरेलू शेयर बाजार मजबूत शुरुआत के साथ कारोबार कर रहा है। बाजार खुलते ही खरीदारों ने सक्रिय रूप से लिवाली की, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी बनी। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 1.56 प्रतिशत और निफ्टी 1.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
सुबह 10 बजे तक दिग्गज शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, ट्रेंट लिमिटेड, अदानी पोर्ट्स, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और अदानी एंटरप्राइज के शेयर 4.31 प्रतिशत से 3.12 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, कोल इंडिया और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 2.21 प्रतिशत से 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में देखे गए।
अभी तक के कारोबार में 2,786 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,565 शेयर लाभ में और 221 शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 हरे निशान में थे और दो लाल निशान में थे। निफ्टी के 50 शेयरों में 46 हरे और चार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 583.56 अंक मजबूत होकर 74,652.01 अंक पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारों का दबाव बढ़ा, जिससे सूचकांक में तेजी बनी रही। बीच-बीच में मुनाफा वसूली से मामूली बिकवाली देखी गई, लेकिन लिवाली की निरंतर सक्रियता से सेंसेक्स 1,157.97 अंक बढ़कर 75,226.42 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी भी सुबह 152 अंक उछलकर 23,064.40 अंक पर खुला। तेजड़ियों के दबाव में लिवाली का जोर लगातार बना रहा, और सुबह 10 बजे तक निफ्टी 388.80 अंक बढ़कर 23,301.20 अंक पर पहुंच गया।
पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 1,372.06 अंक यानी 1.89 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,068.45 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी ने 399.75 अंक यानी 1.78 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,912.40 अंक पर कारोबार खत्म किया था।











