नई दिल्ली, 27 मार्च।
एशियाई खेल 2026 की तैयारियों को सुदृढ़ करने के लिए भारतीय कबड्डी में अहम कदम उठाया गया है। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) और मशाल स्पोर्ट्स की साझेदारी में देश के शीर्ष पुरुष एवं महिला संभावित खिलाड़ियों के लिए हाई-परफॉर्मेंस स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कैंप का आयोजन किया गया है। यह विशेष प्रशिक्षण शिविर कर्नाटक के बेल्लारी स्थित इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट में 27 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा।
इस कैंप का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों की फिटनेस, ताकत, सहनशीलता और खेल प्रदर्शन में सुधार करना है। आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों और वैज्ञानिक सपोर्ट सिस्टम के माध्यम से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जाएगा।
एकेएफआई के अध्यक्ष विभोर विनीत जैन ने बताया कि यह पहल भारतीय कबड्डी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मशाल स्पोर्ट्स के सहयोग से खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण और उच्च-स्तरीय समर्थन मिलेगा, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सफलता दिलाने में मदद करेगा।
इस शिविर में प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें नवीन कुमार, अर्जुन देशवाल, पवन सहरावत, असलम इनामदार, सुनील कुमार, आशु मलिक और भारत हुड्डा शामिल हैं। महिला टीम में वर्ल्ड कप विजेता टीम की कप्तान रितु नेगी के साथ सोनाली विष्णु शिंगाटे, पुष्पा राणा, चंपा ठाकुर, पिंकी रॉय, प्रिया और कार्तिका आर भी हिस्सा ले रही हैं।












