अर्जेंटीना, 09 मई।
अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपने हालिया बयान में कहा है कि उनकी टीम लगातार दूसरी बार फीफा विश्व कप जीतने का सपना देख सकती है, हालांकि मौजूदा समय में फ्रांस और स्पेन जैसी टीमें बेहतर लय में दिखाई दे रही हैं।
एक यूट्यूब साक्षात्कार में मेसी ने कहा कि टीम के कई खिलाड़ी इस समय चोट या फिटनेस से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन जब पूरा समूह एकजुट होता है तो वह हमेशा यह साबित करता है कि वह किसी भी मुकाबले को चुनौती देने और जीतने की क्षमता रखता है।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आगामी विश्व कप में प्रतिस्पर्धा बेहद कठिन रहने वाली है और कई मजबूत टीमें खिताब की दावेदारी पेश करेंगी।
मेसी ने फ्रांस को इस समय सबसे मजबूत टीमों में से एक बताया और कहा कि उनके पास विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की भरमार है, जिससे वे किसी भी मुकाबले में खतरनाक साबित हो सकते हैं।
गौरतलब है कि अर्जेंटीना ने कतर में खेले गए फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में फ्रांस को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
उन्होंने स्पेन और ब्राजील को भी मजबूत दावेदारों की सूची में शामिल किया और कहा कि पुर्तगाल भी बेहद प्रतिस्पर्धी टीम है, जबकि जर्मनी और इंग्लैंड जैसी टीमें हमेशा बड़े टूर्नामेंट में चुनौती पेश करती हैं।
इंटर मियामी के लिए खेलने वाले मेसी जल्द ही 39 वर्ष के होने जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह फीफा विश्व कप 2026 में हिस्सा लेंगे या नहीं, जो अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित होगा।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने करियर को लेकर कोई समय सीमा तय नहीं की है और वे तब तक खेलना चाहते हैं जब तक वह खेल का आनंद ले सकते हैं।
मेसी ने यह भी कहा कि वे बेहद प्रतिस्पर्धी स्वभाव के खिलाड़ी हैं और उन्हें हर स्थिति में जीतना पसंद है, यहां तक कि अपने बेटे को वीडियो गेम में भी आसानी से जीतने नहीं देते।










.jpg)
