साओ पाउलो 08 मई।
ब्राजील फुटबॉल टीम के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी को 2030 फीफा विश्व कप तक पद पर बनाए रखने की पूरी तैयारी कर ली गई है। ब्राजील फुटबॉल महासंघ की ओर से गुरुवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई।
इटली के अनुभवी कोच कार्लो एंसेलोटी ने पिछले वर्ष ब्राजील टीम की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके मार्गदर्शन में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने 2026 फीफा विश्व कप के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है, जिसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से करेंगे। 66 वर्षीय एंसेलोटी इससे पहले रियल मैड्रिड, एसी मिलान और चेल्सी जैसे बड़े क्लबों को कोचिंग दे चुके हैं। उनके अनुबंध विस्तार को लेकर पिछले कई महीनों से बातचीत जारी थी।
ब्राजील फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष समीर शाउद ने फोर्टालेजा में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान कहा कि विश्व कप से पहले एंसेलोटी के नए अनुबंध की घोषणा किए जाने की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि महासंघ और कोच के कानूनी सलाहकार नई शर्तों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।
एंसेलोटी भी कई अवसरों पर यह संकेत दे चुके हैं कि वह 2026 विश्व कप के बाद भी ब्राजील टीम के साथ जुड़े रहना चाहते हैं। कोच 18 मई को रियो डी जनेरियो में विश्व कप के लिए अंतिम टीम की घोषणा करेंगे, जिसके बाद 31 मई को माराकाना स्टेडियम में पनामा के खिलाफ विदाई मुकाबला खेला जाएगा।
विश्व कप के दौरान ब्राजील टीम अपना बेस कैंप न्यू जर्सी में बनाएगी। ग्रुप सी में उसका सामना मोरक्को, स्कॉटलैंड और हैती जैसी टीमों से होगा।



.jpg)



.jpg)


