भोपाल, 08 मई।
मध्य प्रदेश ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए "एनीमिया मुक्त भारत स्कोरकार्ड 2025-26" में 92.1 एएमबी इंडेक्स के साथ देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण सुधार कार्यक्रमों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार, एनीमिया नियंत्रण और पोषण सुधार की दिशा में राज्य सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आशा कार्यकर्ताओं और मैदानी स्वास्थ्य अमले को इस सफलता के लिए बधाई दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य के सभी मानकों में सुधार के लिए काम कर रही है और स्वस्थ नागरिक ही विकसित मध्य प्रदेश की नींव हैं। उन्होंने बताया कि एनीमिया उन्मूलन के लिए प्रदेश में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जनजागरूकता, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी गतिविधियों को मिशन मोड में लागू किया गया है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश ने विभिन्न आयु वर्गों में आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण कवरेज में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बच्चों, किशोरों, गर्भवती और धात्री माताओं में यह कवरेज 80 से 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रीय रैंकिंग में मध्य प्रदेश के बाद आंध्र प्रदेश और तेलंगाना संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा।





.jpg)

.jpg)


