पारामारिबो, 08 मई।
सूरीनाम दौरे पर पहुंचे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत और सूरीनाम के बीच कृषि, विकास और सहयोग को नई दिशा देने की बात कही। एक कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी अब एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुकी है, जहां विकास और आपसी सहयोग का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत की कृषि यात्रा पिछले दस वर्षों में नीतिगत समर्थन, संसाधनों की उपलब्धता, तकनीक के उपयोग और मूल्य संवर्धन के कारण तेजी से आगे बढ़ी है। यह केवल खाद्य और आर्थिक सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समावेशी विकास की दिशा में भी एक मजबूत कदम है। इसी सोच के तहत सूरीनाम में फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी सूक्ष्म और लघु उद्योग विकास परियोजना को आगे बढ़ाया गया है।
जयशंकर ने बताया कि कुछ वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ग्लोबल साउथ दृष्टि और भारत-सूरीनाम मंत्रिस्तरीय चर्चाओं के बाद इस परियोजना पर सहमति बनी थी। सूरीनाम द्वारा फल प्रसंस्करण इकाई को प्राथमिकता देना और इसके लिए स्थान का चयन करना दोनों देशों के सहयोग की गंभीरता को दर्शाता है। इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को प्रबंधन, प्रशिक्षण और मूल्य संवर्धन में सक्षम बनाना है, जिससे किसानों और ग्रामीण महिलाओं को नए अवसर मिल सकें।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सूरीनाम सरकार ने पैशन फ्रूट जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं शुरू की हैं। यह परियोजना भविष्य में अन्य फलों के प्रसंस्करण में भी उपयोगी साबित होगी, जिससे इसका दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और सूरीनाम का सहयोग केवल किसी एक परियोजना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ भारत की साझेदारी का प्रतीक है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल विचार नहीं, बल्कि ठोस परियोजनाओं के माध्यम से धरातल पर दिखाई दे रही है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत की ओर से सूरीनाम को खाद्यान्न आपूर्ति, सैन्य सामग्री, त्वरित प्रभाव परियोजनाएं और आपदा प्रबंधन के लिए प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली जैसी सहायता भी दी गई है। इन पहलों का उद्देश्य लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है।
जयशंकर ने यह भी बताया कि सूरीनाम ने भारत की लाइन ऑफ क्रेडिट सुविधाओं का लंबे समय से उपयोग किया है और भविष्य में भी दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की संभावनाएं मौजूद हैं।






.jpg)

.jpg)

