नई दिल्ली, 08 मई।
जयपुर में आयोजित दो दिवसीय कमांडर्स कांफ्रेंस के अंतिम दिन तीनों सेनाओं के शीर्ष कमांडरों ने भविष्य के साइबर और अंतरिक्ष युद्ध के बदलते स्वरूप पर गहन चर्चा की। इस उच्चस्तरीय बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए और उन्होंने सेना को नई रणनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
सेना की दक्षिण-पश्चिमी कमान के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में नवाचार, स्वदेशीकरण और नागरिक-सैन्य समन्वय के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। रक्षा मंत्री ने कमांडरों से कहा कि वे दुश्मन को रणनीतिक रूप से चौंकाने की क्षमता को और मजबूत करें, ताकि हर परिस्थिति में भारत को बढ़त मिल सके।
सम्मेलन के अंतिम दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘नए डोमेन में सैन्य क्षमता’ विषय पर संबोधित किया। इससे पहले वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे, जहां उन्होंने इस ऑपरेशन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री जारी की। इसके साथ ही विजन 2047, एकीकृत संचार संरचना और वायु रक्षा के लिए संयुक्त सिद्धांत भी प्रस्तुत किए गए।
रक्षा मंत्री ने तीनों सेनाओं के कमांडरों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें ऑपरेशन सिंदूर और मौजूदा वैश्विक सुरक्षा हालात से सीख लेते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार रखना होगा। उन्होंने इस ऑपरेशन को उच्च तीव्रता और प्रभाव वाला त्वरित सैन्य अभियान बताया, जिसने भारत की सामरिक क्षमता को प्रदर्शित किया और दुश्मन पर निर्णायक दबाव बनाने की क्षमता साबित की।
उन्होंने बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य और उभरती तकनीकों के प्रभाव पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य के युद्ध केवल हथियारों से नहीं, बल्कि बेहतर रणनीति, तालमेल और तकनीकी दक्षता से जीते जाएंगे। उन्होंने तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता, एकीकरण और आधुनिक तकनीक के उपयोग में हो रही प्रगति की सराहना की।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक रक्षा क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और ऐसे समय में संयुक्त रणनीति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दुश्मन के अप्रत्याशित हमलों से सतर्क रहने और हमेशा रणनीतिक रूप से दो कदम आगे रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ सहित थल, जल और वायु सेना के प्रमुख, रक्षा सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के अध्यक्ष तथा कई वरिष्ठ सैन्य और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।






.jpg)
.jpg)


