मॉस्को, 08 मई।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और यह संघर्ष अब वैश्विक कूटनीतिक तथा आर्थिक तनाव का प्रमुख केंद्र बन गया है। 24 फरवरी 2022 से शुरू हुए इस युद्ध में पश्चिमी देशों के समर्थन से यूक्रेन लगातार रूस के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए है। रूस में नौ मई को मनाए जाने वाले विजय दिवस से पहले रूस ने एकतरफा सैन्य विराम की घोषणा की है, जो 8 मई की मध्यरात्रि से प्रभावी होगा। इसी बीच यूक्रेन ने गुरुवार रात रूस पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमलों की बौछार कर दी है।
रूसी समाचार एजेंसियों और मॉस्को स्थित मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रूस ने दावा किया है कि उसने यूक्रेन के 347 ड्रोन को मार गिराया है। बताया गया है कि ये ड्रोन रूस के 20 से अधिक क्षेत्रों को निशाना बनाने के उद्देश्य से भेजे गए थे। इसे युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले मार्च में यूक्रेन ने 389 ड्रोन हमलों का प्रयास किया था।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमलों के दौरान मॉस्को सहित कई क्षेत्रों में वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय करना पड़ा। गुरुवार दिन में भी कई ड्रोन रूस की ओर बढ़ते देखे गए। इस स्थिति का सीधा असर मॉस्को के हवाई यातायात पर पड़ा, जहां तीन प्रमुख हवाई अड्डों से लगभग सौ उड़ानों को रद्द या विलंबित करना पड़ा।
उधर, यूक्रेन का दावा है कि उसके दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में रूसी ड्रोन हमले में तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए हैं। रूस की ओर से भी रातभर में 102 ड्रोन दागे जाने और उनमें से 92 को नष्ट करने का दावा किया गया है।
विजय दिवस समारोह से पहले रूस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। नौ मई को मॉस्को में मोबाइल इंटरनेट और मैसेजिंग सेवाओं पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा। इस बार परेड में टैंक, मिसाइल और भारी सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा, जिसकी वजह मौजूदा सुरक्षा स्थिति बताई गई है।
क्रेमलिन की ओर से कहा गया है कि हालात जटिल हैं, लेकिन विजय दिवस पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रूस ने चेतावनी दी है कि यदि समारोह में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की गई तो कीव पर बड़े स्तर पर जवाबी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही यह भी कहा गया है कि विदेशी दूतावासों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों को एहतियातन अपने कार्यालय खाली करने की सलाह दी गई है।
इसी बीच रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने सेंट पीटर्सबर्ग में नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाने के लिए लातवियाई हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल किया। हालांकि लातविया की ओर से भी दावा किया गया है कि उसके हवाई क्षेत्र में रूसी ड्रोन घुसे हैं। लातवियाई अधिकारियों के अनुसार दो ड्रोन उनके क्षेत्र में गिर गए थे।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने आगे दावा किया कि उसके वायु सुरक्षा तंत्र ने छह ड्रोन की पहचान की, जिनमें से एक को मार गिराया गया, जबकि अन्य पांच रडार से गायब हो गए।
रूस ने यह भी स्पष्ट किया है कि घोषित सैन्य विराम 8 मई की मध्यरात्रि से 10 मई तक लागू रहेगा, जिसके दौरान सैन्य अभियान पूरी तरह रोके जाएंगे और यूक्रेन में स्थित सैन्य ठिकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।






.jpg)

.jpg)

