काठमांडू, 08 मई
नेपाल में भूमिहीन बस्तियों पर सरकारी डोजर कार्रवाई के विरोध में रुपन्देही जिले के भूमिहीन लोगों ने बुटवल में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से सवाल किया कि जब उनका वोट और कर वैध है, तो उन्हें अवैध कैसे माना जा सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि तत्काल कार्रवाई रोकी जाए और जिन जमीनों का पहले ही सर्वेक्षण एवं नाप-जोख हो चुका है, उनके लिए तुरंत लालपुर्जा यानी मालिकाना प्रमाणपत्र जारी किए जाएं। यह आंदोलन भूमिहीन सुकुमबासी तथा अव्यवस्थित संघर्ष समिति के आह्वान पर चरणबद्ध कार्यक्रम के तहत चलाया जा रहा है।
सुबह से ही बुटवल में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान “हमारा कर वैध, हमारा वोट वैध, फिर हम कैसे अवैध” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डोजर कार्रवाई के नाम पर ‘डोजर आतंक’ फैलाया जा रहा है।
आंदोलनकारियों ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के इस्तीफे की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि सरकार की नीतियां भूमिहीन परिवारों के साथ अन्याय कर रही हैं और उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
भूमिहीन तथा अव्यवस्थित संघर्ष समिति के अनुसार, आज ट्रैफिक चौक पर बड़ी सभा आयोजित की जाएगी और साथ ही स्थानीय निकायों तथा प्रदेश सरकार को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने बुटवल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।






.jpg)

.jpg)

