काठमांडू, 08 मई
नेपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पोखरा स्थित फेवा झील में सुबह अचानक आई तेज आंधी और ऊंची लहरों के कारण एक नाव में फंसे पांच भारतीय पर्यटकों को सशस्त्र पुलिस बल ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, पोखरा के पुम्दीभुम्दी क्षेत्र में लेकहाउस के पास फेवा झील में लकड़ी की नाव से सैर कर रहे भारतीय पर्यटक अचानक मौसम बदलने और तेज आंधी की चपेट में आ गए। ये सभी पर्यटक झील के बीच स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी स्थिति बिगड़ गई और नाव झील के बीच फंस गई।
इस घटना में ललिता केम्बागी, यल्लेशा, प्रवीना काले, भास्कर यल्लेश काले और निलकांक्षा शामिल थे। सभी पर्यटक पानी के बीच फंस जाने के बाद घबराहट की स्थिति में थे।
सूचना मिलते ही फेवा झील स्थित वॉच एंड रेस्क्यू टावर से सशस्त्र प्रहरी सहायक निरीक्षक देवेन्द्र केसी के नेतृत्व में तुरंत राहत एवं बचाव टीम को रवाना किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित रूप से नाव से निकाल लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सशस्त्र पुलिस की आपदा प्रबंधन टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी भारतीय पर्यटक सुरक्षित बचा लिए गए।






.jpg)

.jpg)

