नई दिल्ली, 08 मई।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय 15वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का शुक्रवार को भव्य समापन किया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता खंड में चयनित उत्कृष्ट फिल्मों को सम्मानित किया गया, जिसमें पुरस्कार वितरण अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता ने किया।
समापन समारोह में भारत विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म “ए न्यू पोस्टबॉक्स : टेल्स फ्रॉम पार्टीशन” को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस फिल्म ने विभाजन की मानवीय त्रासदी और उससे जुड़ी स्मृतियों को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों और समीक्षकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस वर्ष महोत्सव में विश्व सिनेमा की व्यापक भागीदारी देखने को मिली, जिसमें 51 देशों और भारत के 21 राज्यों की लगभग 178 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों ने विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और सामाजिक विषयों को प्रस्तुत कर वैश्विक सिनेमा की विविधता से दर्शकों को परिचित कराया।
महोत्सव में रूस, चीन और अफ्रीकी देशों को विशेष रूप से ‘फोकस कंट्री’ के रूप में शामिल किया गया, जहां इन देशों की फिल्मों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अंतरराष्ट्रीय संवाद को नई दिशा दी।
कार्यक्रम के दौरान कई परिचर्चाएं और पैनल चर्चाएं भी आयोजित की गईं। इनमें “फिल्म बनाना आसान है, लेकिन बेचना एक चुनौती है” विषय पर हुई विशेष चर्चा ने फिल्मकारों और विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।
इस सत्र में फिल्म निर्माण, वितरण और दर्शकों तक पहुंचाने की चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। समापन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृतियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों का वैश्विक मंच बन चुका है, जो भारतीय और विश्व सिनेमा के बीच संवाद को मजबूत कर रहा है।



.jpg)


.jpg)

.jpg)

