भोपाल, 08 मई।
मध्य प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की नव नियुक्त अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पदभार संभालने के बाद डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण तथा बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर आयोग गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई करेगा।
उन्होंने आगे बताया कि बच्चों से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा छात्रावासों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

डॉ. शर्मा ने राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूर्ण पारदर्शिता, समर्पण और निष्ठा के साथ करेंगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आयोग बाल अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।



.jpg)


.jpg)



