सहरसा, 08 मई
सहरसा जिले में मध्याह्न भोजन योजना को लेकर लगातार दूसरे दिन गंभीर मामला सामने आया है। महिषी प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय में गुरुवार को लगभग 250 बच्चों के बीमार पड़ने की घटना के बाद, शुक्रवार को सौरबाजार प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में मिड-डे मील खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि भोजन में सांप का कांटा और उसके शरीर का हिस्सा मिला हुआ था, जिसके बाद बच्चों की हालत खराब हुई। भोजन खाने के कुछ ही समय बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ने पर शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों को तुरंत सौरबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इसी बीच गुरुवार की घटना को लेकर भी क्षेत्र में आक्रोश है, जहां महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में भोजन के दौरान किसी मृत जीव या सांप के बच्चे जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने की बात सामने आई थी। आरोप है कि इसी संदिग्ध भोजन के सेवन के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी।
लगातार दो दिनों से सामने आ रही इन घटनाओं के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रशासन और मिड-डे मील व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताते हुए हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि बलुआहा स्कूल में भोजन की आपूर्ति एक एनजीओ के माध्यम से की जाती है, जो पहले से तैयार भोजन उपलब्ध कराता है। इस पूरे मामले ने भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने भोजन के नमूनों को जांच के लिए भेजने की बात कही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार बच्चों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सिविल सर्जन ने बताया कि मुरचा स्कूल के सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुरुवार को हुई घटना में प्रभावित अधिकांश बच्चों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ गंभीर बच्चों को सदर अस्पताल रेफर किया गया था, जो अब स्वस्थ हैं।






.jpg)



