चेन्नई, 08 मई
तमिलनाडु में 12वीं कक्षा यानी प्लस-2 की सार्वजनिक परीक्षा के परिणाम शुक्रवार सुबह जारी कर दिए गए। इस वर्ष ईरोड जिला राज्य में सबसे अधिक उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा। यह परीक्षा 2 मार्च से 26 मार्च के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 8 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
राज्य सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार 93.19 प्रतिशत छात्र और 97 प्रतिशत छात्राएं परीक्षा में सफल हुई हैं। वहीं पूरे राज्य में 489 विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है।
जिलावार प्रदर्शन में ईरोड जिला 98.87 प्रतिशत उत्तीर्णता के साथ पहले स्थान पर रहा। शिवगंगई जिला 98.05 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर और कन्याकुमारी जिला 97.63 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
परीक्षार्थी अपने परिणाम रजिस्ट्रेशन संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर देख सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल संदेश सेवा के माध्यम से भी परिणाम प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। इसके लिए संबंधित नंबर पर संदेश भेजकर आवश्यक विवरण भरने के बाद परिणाम स्क्रीन पर देखा जा सकता है।
इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की जानकारी, संदेह या परामर्श के लिए हेल्पलाइन सेवाएं भी सक्रिय की गई हैं। छात्र अपने विद्यालयों में भी परिणाम देख सकते हैं तथा पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर संदेश के माध्यम से भी परिणाम भेजे जा रहे हैं।
इस अवसर पर राज्य के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं है और इसे सकारात्मक दृष्टिकोण से देखना चाहिए। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान शैक्षणिक प्रयासों के चलते इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं।






.jpg)

.jpg)


