मध्य प्रदेश
08 May, 2026

शहडोल में निर्माण कार्यों की धीमी गति पर सख्त रुख, उप मुख्यमंत्री ने लगाई फटकार

भोपाल में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शहडोल जिले के विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

भोपाल, 08 मई।

शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिए हैं कि जिले में चल रहे सभी विभागीय निर्माणाधीन विकास कार्यों में गति लाई जाए और उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे जिले के विकास को नई दिशा और गति मिल सके।

यह निर्देश उन्होंने शुक्रवार को सर्किट हाउस बाणसागर में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्यों की प्रगति समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उप मुख्यमंत्री ने शहडोल-उमरिया मार्ग, ब्यौहारी के विजयसोता पुल निर्माण और भन्नी सिंचाई परियोजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सभी कार्यों की स्थिति की नियमित समीक्षा कलेक्टर द्वारा समय-सीमा बैठक में की जाए और इन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत सभी विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज तथा जिले के हेल्थ सेंटर्स को शीघ्र पूर्ण कर उनके शुभारंभ की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिले में संचालित जर्जर विद्यालयों की पहचान कर उनकी मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए ब्यौहारी जनपद पंचायत कार्यालय के सामने स्थित शराब दुकान को हटाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया, भू-अर्जन कार्यों की प्रगति, विभिन्न मार्गों के निर्माण, जल जीवन मिशन, डबल रेलवे लाइन परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सांसद, विधायक, कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे, जहां विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा और सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़