नेपाल
08 May, 2026

नेपाल कैसिनो बने भारतीय युवाओं की बर्बादी का नया अड्डा, बढ़ी सुरक्षा चिंता

नेपाल के कैसिनो में जुए और नशे की लत में फंसकर भारतीय युवाओं के आर्थिक व सामाजिक रूप से बर्बाद होने की चिंता बढ़ रही है, जिससे सुरक्षा विशेषज्ञों ने गंभीर खतरा जताया है।

08 मई

नेपाल के बांके जिले में संचालित कैसिनो अब मनोरंजन का साधन न रहकर भारतीय युवाओं के लिए बर्बादी का नया केंद्र बनते जा रहे हैं। भारत-नेपाल सीमा से सटे इन कैसिनो में ताश, शराब और नशे की चमक-दमक ने उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर लिया है, जिससे उनका भविष्य संकट में पड़ता दिखाई दे रहा है।

स्थानीय स्तर पर नेपालगंज मुख्यालय को कैसिनो का बड़ा केंद्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में जुआघर संचालित हो रहे हैं। इन स्थानों पर भारतीय पर्यटकों की भारी आवाजाही देखी जाती है। बहराइच, लखनऊ, सीतापुर, बलरामपुर, गोंडा, कानपुर, लखीमपुर, शाहजहांपुर और श्रावस्ती जैसे जिलों के कई युवा यहां जुए की लत में फंसकर अपनी जमा पूंजी गंवा चुके हैं और आर्थिक संकट में आ गए हैं।

बताया जा रहा है कि सुबह के समय सीमा पार करने वाले युवाओं की भीड़ देखी जाती है, जबकि शाम होते-होते वे खाली हाथ लौटते नजर आते हैं। कई मामलों में पांच से दस लाख रुपये तक दांव लगाने वाले युवाओं को कैसिनो प्रबंधन की ओर से लाने-ले जाने की सुविधा भी दी जाती है। हारने की स्थिति में उन्हें घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाती है।

इन कैसिनो में भारतीय ग्राहकों को मुफ्त शराब और बीयर उपलब्ध कराई जाती है, साथ ही मनोरंजन के लिए नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। सीमा से सटे पांच से दस किलोमीटर के दायरे में दर्जनों कैसिनो सक्रिय हैं, जहां स्थानीय नेपालियों का प्रवेश प्रतिबंधित बताया जाता है और केवल भारतीय तथा विदेशी नागरिकों को ही अनुमति दी जाती है।

सूत्रों के अनुसार, हर दिन करोड़ों रुपये की भारतीय मुद्रा इन जुएघरों में खर्च हो रही है, जिसमें सबसे अधिक उपयोग पांच सौ रुपये के नोटों का हो रहा है।

स्थानीय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल का दावा है कि सीमा पर लगातार निगरानी रखी जाती है और बिना जांच के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाता, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में भारतीय युवा इन कैसिनो की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

सुरक्षा विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते इस प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगी तो जुए में बर्बाद हो रहे युवा अपराध की राह पर भी जा सकते हैं। साथ ही आशंका जताई गई है कि ऐसे युवाओं को कुछ असामाजिक या विदेशी नेटवर्क के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़