देवरिया, 08 मई।
देवरिया में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का आयोजन पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की मौजूदगी में किया गया। उन्होंने परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की अनुशासन व्यवस्था, कार्यकुशलता और समग्र तैयारियों का विस्तार से निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें दौड़ भी लगवाई। साथ ही टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन, तालमेल और एकरूपता का अभ्यास कराया गया, जिससे बल में सामूहिक समन्वय और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या पर विशेष जोर दिया गया।

परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान क्वार्टर गार्द, एमटी शाखा, यूपी-112 पीआरवी, मनोरंजन कक्ष, जिला मेस, स्टोर एवं आरटीसी मेस की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान यूपी-112 पीआरवी में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट तथा अन्य संसाधनों की बारीकी से जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी उपकरणों की नियमित सफाई, रखरखाव और समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने यह भी कहा कि आपात परिस्थितियों में इन उपकरणों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उनका संचालन पूरी दक्षता के साथ किया जाए। इसके साथ ही विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों और रजिस्टरों की भी जांच की गई तथा उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।






.jpg)

.jpg)

