अपराध
08 May, 2026

ऑर्केस्ट्रा विवाद में दूल्हे के चाचा की हत्या, शादी समारोह में खून-खराबा

सीवान के नगई गांव में शादी समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा में गीत विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में दूल्हे के चाचा की हत्या हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

सीवान, 08 मई

बिहार के सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब ऑर्केस्ट्रा में फरमाइशी गीत बजाने को लेकर बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ते ही स्थिति चाकूबाजी तक पहुंच गई, जिसमें दूल्हे के चाचा की मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरनाथपुर लक्ष्मीपुर निवासी ओम प्रकाश शाह के पुत्र मनीष कुमार साह के रूप में हुई है। वे अपने भतीजे की बारात लेकर नगई गांव स्थित रिशुन साह के घर पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, द्वार पूजा के बाद जानवासा में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था। रात लगभग साढ़े बारह बजे फरमाइशी गीत को लेकर बारातियों और गांव के कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। उस समय मामला शांत करा दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद कुछ युवक दोबारा वहां पहुंचे और बारातियों पर चाकू से हमला कर दिया।

इस हमले में मनीष कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हत्या की खबर से दूल्हे पक्ष में आक्रोश फैल गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर नगई गांव लौट आए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोग आरोपियों के घर के पास ही अंतिम संस्कार करने की तैयारी में हैं। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि माहौल और तनावपूर्ण न हो।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़