नई दिल्ली, 08 मई।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म गेम्सक्राफ्ट के तीन संस्थापकों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ईडी ने दीपक सिंह, पृथ्वीराज सिंह और विकास तनेजा को धनशोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत हिरासत में लिया है। दीपक सिंह और पृथ्वीराज सिंह को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से पकड़ा गया, जिसके बाद उन्हें बेंगलुरु की अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया। वहीं विकास तनेजा को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर सीधे अदालत में प्रस्तुत किया गया।
बताया गया है कि यह कार्रवाई उस समय की गई जब केंद्रीय जांच एजेंसी ने कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी कई प्राथमिकी पर संज्ञान लेते हुए गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड और संबंधित संस्थाओं के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया। इससे पहले गुरुवार को ईडी ने दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में 17 स्थानों पर छापेमारी कर कई दस्तावेज भी जब्त किए थे।
ईडी के अनुसार यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म रमीकल्चर और रमीटाइम ऐप सहित कई रियल-मनी गेमिंग सेवाओं का संचालन करता है। इन प्लेटफॉर्म्स से जुड़े मामलों में कथित धोखाधड़ी के कारण कई लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने के आरोपों पर भी कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष नवंबर में भी ईडी ने इसी मामले की जांच के दौरान 18.57 करोड़ रुपये की राशि वाले आठ बैंक खातों पर लेन-देन पर रोक लगा दी थी।






.jpg)

.jpg)

