भोपाल, 08 मई।
राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में सार्वजनिक यूरिनल निर्माण को लेकर नगर निगम और रेलवे विभाग के बीच विवाद गहरा गया है। नगर निगम ने आरोप लगाया है कि रेलवे ने सीमा दीवार बनाकर निगम की भूमि और निर्माणाधीन यूरिनल भवन पर कब्जा कर लिया है, जिसके बाद मामला औपचारिक शिकायत तक पहुंच गया है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और खुले में शौच व मूत्र त्याग की समस्या को रोकने के उद्देश्य से ऐशबाग रोड पर निगम की स्वामित्व वाली भूमि पर सार्वजनिक यूरिनल का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था, तभी रेलवे विभाग द्वारा बिना अनुमति सीमा दीवार खड़ी कर दी गई और पूरे क्षेत्र को अपनी परिसीमा में शामिल कर लिया गया।
निगम का दावा है कि संबंधित भूमि खसरा नंबर 1081(5) और 1082(5) में दर्ज है, जिसका कुल क्षेत्रफल लगभग 0.1290 हेक्टेयर यानी करीब 12,163 वर्गफीट है और यह भूमि म्युनिसिपल बोर्ड के नाम दर्ज है। इसके बावजूद रेलवे द्वारा बिना अनुमति निर्माण कर कब्जे की स्थिति उत्पन्न की गई है।
मामले को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता को पत्र भेजकर तत्काल सीमा दीवार हटाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे विभाग की होगी।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


