औरैया, 08 मई।
औरैया जनपद के दिबियापुर क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित अभिषेक इलेक्ट्रॉनिक्स की थोक दुकान में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान कुछ ही समय में जलकर नष्ट हो गया।
घटना के समय दुकान में एलईडी, वायर, एमसीबी और इलेक्ट्रिक पैनल सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामग्री मौजूद थी, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गई। अनुमान के अनुसार लगभग 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है।

दुकान स्वामी अभिषेक शर्मा के अनुसार दुकान में बिजली फिटिंग से संबंधित थोक व्यापार किया जाता था। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे आसपास के लोगों ने शटर से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य की गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी को आर्थिक सहायता देने की मांग की। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।






.jpg)

.jpg)


