कृषि व ग्रामीण अर्थव्यवस्था
08 May, 2026

बिहार में लीची फसल पर खतरा, स्टिंग बग को लेकर कृषि मंत्रालय ने टास्क फोर्स गठित

बिहार में लीची फसल को लीची स्टिंग बग से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने टास्क फोर्स का गठन किया है, जिससे किसानों की समस्या का वैज्ञानिक समाधान खोजा जाएगा।

नई दिल्ली, 08 मई

बिहार में लीची की फसल पर “लीची स्टिंग बग” के बढ़ते प्रकोप से किसानों की चिंता गहराती जा रही है। इस कीट के कारण फसल को हो रहे नुकसान का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक विशेष टास्क फोर्स के गठन का निर्णय लिया है, जो इस समस्या का विस्तृत आकलन करेगी।

मुजफ्फरपुर स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र के निदेशक को इस कार्यबल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुल नौ सदस्यों वाले इस समूह में बिहार सरकार के उद्यान विभाग एवं बागवानी मिशन के निदेशक, राज्य सरकार द्वारा नामित प्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी, बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विशेषज्ञ तथा समस्तीपुर और भागलपुर कृषि संस्थानों के नामित वैज्ञानिक शामिल किए गए हैं। इसके अलावा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के प्रतिनिधि और वैज्ञानिक डॉ. जयपाल सिंह चौधरी भी इस टीम का हिस्सा हैं।

दरअसल, सात मई को आईसीएआर-सेंट्रल इंस्टीट्यूट फॉर सबट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर, लखनऊ में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम के दौरान बिहार के लीची उत्पादक क्षेत्रों से आए किसानों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। किसानों ने बताया कि लीची स्टिंग बग के हमले से फल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और उत्पादन में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे बागवानी से जुड़े किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

किसानों ने इस समस्या के वैज्ञानिक अध्ययन और प्रभावी नियंत्रण उपायों की आवश्यकता पर जोर देते हुए विशेषज्ञ कार्यबल गठित करने की मांग की थी। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बिहार के लीची उत्पादन और किसानों की आय पर गंभीर असर पड़ सकता है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़