रांची, 08 मई।
झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या से जुड़े मामले में झारखंड उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लेते हुए लंबित जनहित याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने राज्य सरकार द्वारा पेश फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट का विस्तार से अध्ययन किया।
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से मृत बच्ची के वस्त्र, घटनास्थल से एकत्र साक्ष्य, आरोपितों से संबंधित विवरण तथा सीलबंद फॉरेंसिक रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही बच्ची की मृत्यु से जुड़ी समीक्षा रिपोर्ट भी अदालत को सौंपी गई।
इस प्रकरण की सुनवाई न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की पीठ में हुई। प्रस्तुत दस्तावेजों के अवलोकन के बाद अदालत ने मामले की अगली विस्तृत सुनवाई के लिए 11 मई की तिथि तय की।
उल्लेखनीय है कि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में व्यापक आक्रोश फैल गया था। इसके बाद उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जांच की प्रगति रिपोर्ट के साथ फॉरेंसिक और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट भी मांगी थी।
इस मामले में विष्णुगढ़ थाना में कांड संख्या 42/2026 दर्ज है। पुलिस ने मृत बच्ची की मां रेशमी देवी, भीम राम समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है और पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच जारी है।






.jpg)

.jpg)


