इंदौर, 08 मई।
इंदौर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया, जिससे राजनीतिक हलकों में शोक की लहर फैल गई। वे 66 वर्ष के थे और लंबे समय से सांस संबंधी समस्या तथा पैरों की बीमारी से पीड़ित चल रहे थे।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तत्काल शेल्बी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने अंतिम सांस ली।
अश्विनी जोशी अपनी स्पष्टवादी छवि और जनता के बीच मजबूत पकड़ के लिए जाने जाते थे। वे पूर्व मंत्री स्वर्गीय महेश जोशी के भतीजे थे, जिनका इंदौर की राजनीति में लंबे समय तक प्रभाव रहा। जोशी स्वयं इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से तीन बार विधायक चुने गए थे और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के करीबी नेताओं में गिना जाता था।
छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले जोशी ने संगठनात्मक कार्यों और क्षेत्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।
उनके पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका बेटा विदेश में है, और अंतिम संस्कार उसके इंदौर लौटने के बाद किया जाएगा। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक कार्यकर्ता उनके निवास और अस्पताल पहुंचने लगे।
गौरतलब है कि वे वर्ष 2006 के चर्चित पार्षद मुन्ना अंसारी गोलीकांड मामले में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया से गुजरते रहे थे। लगभग 18 वर्षों की सुनवाई के बाद वर्ष 2024 में उन्हें अदालत से राहत मिली थी, जिसमें उनके खिलाफ आरोप साबित नहीं हो सके थे।






.jpg)

.jpg)

.jpg)
